सहसपुर में मातृशक्ति सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

सहसपुर में मातृशक्ति सम्मान समारोह, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को किया गया सम्मानित

सहसपुर। के अंबीवाला स्थित चलो दो मिनट में पहुंच वेडिंग प्वाइंट में त्रिकोण सोसायटी की ओर से भव्य मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र की उन महिलाओं को सम्मानित किया गया, जिन्होंने समाज, शिक्षा, राजनीति, व्यवसाय और अन्य क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस दौरान कीर्तन मंडलियों को भी सम्मानित करते हुए उन्हें कीर्तन सामग्री वितरित की गई।

मातृशक्ति के सम्मान और महिला सशक्तीकरण को समर्पित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन त्रिकोण सोसायटी की निदेशक एवं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री नेहा शर्मा के नेतृत्व में किया गया।

इस मौके पर नेहा शर्मा ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। महिलाओं को सम्मान और समान अवसर देकर ही एक मजबूत और विकसित समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि त्रिकोण सोसायटी लगातार महिलाओं और छात्र-छात्राओं के हित में काम कर रही है और आने वाले समय में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि समाज में बढ़ते नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए सोसायटी की ओर से लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। खासतौर पर युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने भी महिलाओं के सम्मान को समाज के लिए जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं सिर्फ घर की जिम्मेदारियां ही नहीं संभाल रही हैं, बल्कि शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, व्यवसाय और सामाजिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

रुचि भट्ट ने त्रिकोण सोसायटी और नेहा शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मानित करने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और दूसरी महिलाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को स्मृति चिह्न और साड़ियां भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, क्षेत्र की विभिन्न कीर्तन मंडलियों को कीर्तन सामग्री वितरित की गई।

कार्यक्रम के जरिए महिला सम्मान के साथ-साथ समाज में महिला सशक्तीकरण, नशा मुक्ति और सामाजिक जागरूकता का संदेश भी दिया गया। समारोह में मौजूद महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *