बजट सत्र के तीसरे दिन राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा CM पुष्कर सिंह धामी बोले 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड के नाम

देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा केदार के पावन धाम से कहा था कि 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक होगा। मुझे यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि पीएम के संकल्प को पूरा करने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। सीएम धामी ने गैरसैंण में बजट विधानसभा सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के दौरान ये बातें कही।

‘वाजपेयी ने उत्तराखंड की नींव रखी, PM मोदी संवारने का काम कर रहे’
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए सीएम धामी ने कहा, ”मैं इस ऐतिहासिक अवसर पर देवभूमि उत्तराखंड के सभी देवी देवताओं का स्मरण करता हूं। देश की रक्षा करने के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले अमर बलिदानियों और राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। साथ ही उत्तराखंड राज्य स्थापना के स्वप्न को साकार करने वाले भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी को पूरे सदन की ओर से नमन करता हूं। अटल बिहारी वाजपेयी जी ने इस राज्य की नींव रखी और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस राज्य को संवारने का काम कर रहे हैं।”

‘उत्तराखंड की टोपी को पीएम मोदी ने देश और दुनिया के सामने धारण किया’
सीएम ने आगे कहा, ”प्रधानमंत्री मोदी ने देवभूमि के नागरिकों की प्रत्येक आकांक्षाओं और उनकी पूर्ति के लिए हमें समय समय पर अपना मार्गदर्शन दिया। चाहे किसी प्रकार की घटना हो, कोई उत्सव हो या सीमांत क्षेत्र, हमारे देश का अंतिम गांव माणा जाना हो, उन्होंने हमेशा देवभूमि उत्तराखंड को याद किया है। देवभूमि उत्तराखंड उनके हृदय में बसता है, ये किसी से छिपा हुआ नहीं है। उत्तराखंड की टोपी को उन्होंने देश और दुनिया के सामने धारण किया। ये शुरुआत हुई 26 जनवरी 2022 से जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर उन्होंने इस टोपी को धारण किया था और आज हर एक उत्तराखंडी इस टोपी को अपना स्वाभिमान व अपनी पहचान समझता है। मैं सभी उत्तराखंड की जनता की ओर से प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं।”

वित्त मंत्री के रूप CM धामी ने पेश किया पहला बजट
सीएम धामी ने कहा, ”मुझे पहली बार राज्य के वित्त मंत्री के रूप में सदन के समक्ष राज्य की जनता के लिए आम बजट पेश करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैं आश्वस्त करना चाहता हूं कि हमारा ये बजट एक व्यवस्थित रोडमैप द्वारा आगामी वर्षों के लिए राज्य के विकास की स्पष्ट दिशा और दशा तय करेगा। साथ ही राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे हुए। इस वर्ष हमने पीएम मोदी के नेतृत्व में देवभूमि रजतोत्सव भी मनाया। इस ऐतिहासिक अवसर पर हमारी सरकार द्वारा लिए गए संकल्पों को साकार करने की दिशा में ये बजट महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगा।”

‘नकल माफिया के खिलाफ सख्त एक्शन लिया’
आगे उन्होंने कहा ”हमने अपने युवाओं का भविष्य बर्बाद नहीं होने दिया। हमने राज्य में नकल माफिया के साथ-साथ पत्रवी स्कैम और कई दूसरे स्कैम के खिलाफ सख्त एक्शन लिया। हमने सख्ती से काम किया, कानून-व्यवस्था को कंट्रोल किया, और वह हासिल किया जो पिछली सरकारें नहीं कर पाईं।

गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा में आज सुबह 11 बजे से शुरू सदन की कार्यवाही शुरू हुई। प्रश्नकाल में कई विभागों से जुड़े सवाल विधायकों द्वारा उठाए गए। इसके साथ ही विभिन्न मुद्दों पर सरकार से विपक्ष ने जवाब मांगा। इसके अलावा सदन में कई विधायकों पर चर्चा भी हुई। आज की सदन की कार्यवाही के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर धामी उत्तराखंड कारागार और सुधारात्मक सेवाएं (संशोधन) विधायक, जन विश्वास (उपबंधों का संशोधन) विधेयक 2026, उत्तराखंड दुकान और स्थापन (रोजगार विनियमन और सेवा-शर्त) सहित कई अन्य प्रस्ताव पारित करने के लिए पटल पर रखे।

CM धामी ने पेश किया 1.11 लाख करोड़ रुपये का बजट
बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को यहां राज्य विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। वित्त मंत्री के रूप में धामी का यह पहला बजट है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प ज्ञान- गरीब, युवा, अन्नदाता (किसान) और नारी सशक्तीकरण के मॉडल के माध्यम से राज्य का समग्र विकास को आगे बढ़ाना है और ये उसके चार प्रमुख स्तंभ हैं। सीएम धामी ने दावा किया है कि इस बजट में महिला, किसान, गरीब, युवा, हमारे अनुसूचित वर्ग, सीमावर्ती क्षेत्र- सभी के विकास का इसमें प्रावधान किया है। 21वीं सदी का यह तीसरा दशक उत्तराखंड का है। पीएम मोदी का जो विजन है, उसे पूरा करने के लिए यह बजट पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *