जिला सहकारी बैंक के चुनाव में जीत हासिल करने वाले नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की.

देहरादून: जिला सहकारी बैंक के चुनाव में जीत हासिल करने वाले नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात की. पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को अपनी जीत की जानकारी दी और उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन लिया.

मुख्यमंत्री धामी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि चुनाव में मिली जीत जनता और प्रतिनिधियों के भरोसे का प्रतीक है. इसके साथ नई जिम्मेदारी भी जुड़ी है. उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ काम करते हुए सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में काम करने को कहा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारिता उत्तराखंड की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का अहम आधार है. सहकारी संस्थाओं के जरिए किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ रोजगार और आजीविका के नए मौके भी दिए जा सकते हैं. राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है.

उन्होंने कहा कि सहकारिता के जरिए समाज के आखिरी व्यक्ति तक विकास और आर्थिक अवसरों का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से अपने अनुभव और ऊर्जा का इस्तेमाल बैंक की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने और आम लोगों के हित में काम करने की अपील की.

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताया और कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे और सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने के लिए सक्रियता से काम करेंगे.

इस मौके पर जिला सहकारी बैंक, उत्तरकाशी की नवनिर्वाचित अध्यक्ष शारदा राणा, उपाध्यक्ष हरिमोहन सिंह चंद, पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतेंद्र राणा, नवनिर्वाचित निदेशक जगमोहन राणा और भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *