विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने दून एनिमल वेलफेयर गौशाला में ऑटोमेटिक रोटी मशीन, डॉग शेल्टर एवं संस्था पत्रिका का किया शुभारंभ
देहरादून / विकासनगरः दून एनिमल वेलफेयर गौशाला द्वारा संचालित गौशाला परिसर में सेवा, करुणा एवं पशु कल्याण को समर्पित एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऑटोमेटिक रोटी मेकिंग मशीन, आधुनिक डॉग शेल्टर एवं संस्था की आधिकारिक पत्रिका का शुभारंभ किया गया।
ऑटोमेटिक रोटी मेकिंग मशीन का उद्घाटन माननीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर, पुरकुल सोसायटी से डायना तथा उत्तराखंड पशु कल्याण बोर्ड के निदेशक ए.एल. बिष्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया, वहीं डॉग शेल्टर का उद्घाटन ए.एल. बिष्ट जी द्वारा संपन्न हुआ।
इस अवसर पर माननीय विधायक सहदेव सिंह पुण्डीर ने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दून एनिमल वेलफेयर गौसेवा के क्षेत्र में अत्यंत सराहनीय कार्य कर रही है और गौसेवा के कार्य से जुड़ना सौभाग्य की बात है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को निराश्रित एवं घायल पशुओं की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
संस्था के संस्थापक सदस्यों ने बताया कि संस्था भविष्य में बेजुबान एवं बेसहारा पशुओं की सेवा के लिए और अधिक समर्पण के साथ कार्य करती रहेगी तथा पशु कल्याण के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने का प्रयास करेगी।
संस्था द्वारा बताया गया कि ऑटोमेटिक रोटी मशीन के माध्यम से प्रतिदिन बड़ी संख्या में गौमाताओं के लिए स्वच्छ एवं ताज़ी रोटियां तैयार की जा सकेंगी। वहीं नए डॉग शेल्टर से घायल एवं बेसहारा कुत्तों को सुरक्षित आश्रय एवं बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
दून एनिमल वेलफेयर निरंतर गौसेवा, पशु चिकित्सा, घायल एवं बेसहारा पशुओं के रेस्क्यू, बंदर सेवा तथा अन्य पशु कल्याण कार्यों में समर्पित भाव से कार्य कर रही है। संस्था समाज के सहयोग से सेवा कार्यों को और अधिक व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान सुमीत राणा, भुपी अमित सवी, शेखर बंसल, रमेश ढौंडियाल, अमित तोमर, मनीष नेगी, कुनाल, आलोक अहूजा, शालू एवं आकाश सहित अनेकों पशुप्रेमी, गौसेवक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।
