ऋषिकेश में हुई इस बैठक ने एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है कि बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी

देहरादून: उत्तराखंड के ऋषिकेश में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी की कोर कमेटी की अहम बैठक आयोजित हुई, जिसमें केंद्रीय मंत्री और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे. बैठक में संगठन और सरकार के बीच समन्वय, आगामी रणनीति और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मंथन किया गया. बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर रही कि केंद्रीय नेतृत्व ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर पूरा भरोसा जताया है.

संकेत साफ है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी धामी के नेतृत्व में ही लड़ेगी. पिछले कई महीनों से प्रदेश की राजनीति में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर जो अटकलें लगाई जा रही थीं, इस बैठक के बाद वे लगभग खारिज होती नजर आ रही हैं.

नड्डा ने धामी की तारीफ की
सूत्रों के अनुसार, बैठक में प्रदेश सरकार के कामकाज और संगठन की मजबूती पर विस्तार से चर्चा हुई. जेपी नड्डा ने मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली, निर्णय क्षमता और योजनाओं के क्रियान्वयन की सराहना की. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर मजबूती से आगे बढ़ रही है.

 

मुख्यमंत्री धामी द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं- चाहे वह बुनियादी ढांचे का विस्तार हो, निवेश को आकर्षित करने के प्रयास हों या धार्मिक और पर्यटन स्थलों का विकास- को संगठन ने सकारात्मक रूप में प्रस्तुत किया. पार्टी नेताओं का मानना है कि इन पहलों के चलते मुख्यमंत्री की लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और वे जनता के बीच एक मजबूत नेतृत्व के रूप में उभरे हैं.

बूथ मजबूत करने पर जोर
बैठक में प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और कोर कमेटी के सदस्य भी मौजूद रहे. आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर भी जोर दिया गया.

कुल मिलाकर, ऋषिकेश में हुई इस बैठक ने एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश दिया है-बीजेपी 2027 के विधानसभा चुनाव में पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में ही मैदान में उतरेगी. केंद्रीय नेतृत्व का सार्वजनिक और संगठनात्मक समर्थन यह दर्शाता है कि पार्टी फिलहाल किसी बदलाव के मूड में नहीं है और स्थिर नेतृत्व के साथ चुनावी तैयारी में जुट चुकी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *