उत्तराखंड को अपना नया बीजेपी चीफ मिल गया है। राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट पर पार्टी ने फिर एक बार भरोसा जताया है। महेंद्र भट्ट के नाम की घोषणा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा की उपस्थिति में की गई। इससे पहले ही कयास सही साबित होते दिख रहे थे कि महेंद्र भट्ट को ही बीजेपी दोबारा चुन सकती है।
क्या बोले सीएम पुष्कर धामी?
महेंद्र भट्ट के दोबारा भाजपा अध्यक्ष चुने जाने पर सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि भाजपा प्रदेश संगठन पर्व–2025 में माननीय राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट जी का प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन संगठन की एकजुटता,अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन और अधिक ऊर्जा,प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ेगा।
कौन हैं महेंद्र भट्ट?
महेंद्र भट्ट का जन्म 4 अगस्त 1991 को चमोली जिले के पोखरी ब्लॉक में स्थित ब्राह्मण थाला गांव में हुआ था। उनके पिता का नाम पुरुषोत्तम भट्ट और माता का नाम राजेश्वरी देवी भट्ट है। महेंद्र भट्ट ने अपनी शुरुआती पढ़ाई राजकीय प्राथमिक विद्यालय थाला पोखरी से की। इसके बाद,उन्होंने भरत मंदिर इंटर कॉलेज,ऋषिकेश से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा पं.ललित मोहन शर्मा राजकीय महाविद्यालय,ऋषिकेश से प्राप्त की।
महेंद्र भट्ट चमोली जिले की बद्रीनाथ सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा छात्र राजनीति से शुरू की थी। गढ़वाल मंडल में महेंद्र भट्ट को बीजेपी का एक प्रमुख ब्राह्मण चेहरा माना जाता है। वह साल 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग विधानसभा सीट से बीजेपी के विधायक थे। इसके बाद महेंद्र भट्ट को 2007 के विधानसभा चुनाव में हार मिली। फिर,2017 में उन्होंने बद्रीनाथ विधानसभा सीट से जीत हासिल की।
हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें फिर हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बावजूद,बीजेपी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष बनाया। हाल ही में 2 अप्रैल 2024 को बीजेपी ने महेंद्र भट्ट को उत्तराखंड से राज्यसभा सांसद बनाया। गौरतलब है कि 2022 में ही महेंद्र भट्ट को पहली बार बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था।